कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र की इमरजेंसी कॉलोनी में बीती रात पटाखा फोड़ने के विवाद में हवाई फायरिंग और मारपीट की घटना हुई। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, घटना में हैदर अली का सिर फूटा जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय निवासियों, छोटू खान और हैदर अली के अनुसार, दीपावली की रात कुछ असामाजिक तत्व कॉलोनी में आए और पेट्रोल गाड़ियों की पार्किंग के पास पटाखे फोड़ने लगे। आग लगने की आशंका पर जब लोगों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग की

मारपीट के दौरान कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। इसी बीच, आरोपियों ने कमर से पिस्तौल निकालकर हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग की। हैदर अली ने बताया कि जब उन्होंने मना किया, तो एक आरोपी ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।

घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया

घटना में घायल हुए हैदर अली, छोटू असगर अली, भोला सहनी, पिंकू, करण सहनी, लपप्पू और दीपक गुप्ता को सदर अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल एक पीड़ित को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जिला प्रशासन से असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने की मांग

सहायक थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि इस मामले में वार्ड संख्या 14 निवासी समीर कुमार, चंदन बासफोर, मुकेश और छोटू सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनी के लोग असामाजिक तत्वों की हरकतों से परेशान हैं और जिला प्रशासन से इन पर लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं।