भैया दूज पर जीविका दीदियों की अनोखी पहल , “भैया दूज का सच्चा उपहार, लोकतंत्र के लिए एक वोट”

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

भैया दूज के पावन अवसर पर दरभंगा की जीविका दीदियों ने मतदाता जागरूकता का अनोखा संदेश दिया। इस विशेष दिन पर दीदियों ने अपने “मतदाता भाइयों” से भावनात्मक अपील की कि वे आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

दीदियों ने कहा — “जैसे बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं, वैसे ही हम अपने मतदाता भाइयों से निवेदन करती हैं कि वे मतदान केंद्र जाकर वोट ज़रूर दें।”

संदेश था — “भैया दूज का सच्चा उपहार, लोकतंत्र के लिए एक वोट।”

इस अवसर पर जिले के सभी 18 प्रखंडों में जीविका दीदियों ने रैलियाँ, संध्या चौपाल, कैंडल मार्च और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया।
दीदियाँ हाथों में तख्तियाँ और बैनर लिए “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार”, “लोकतंत्र की शान – है मतदान” जैसे नारों के साथ गाँव-गाँव निकलीं।

केवटी रनवे प्रखंड में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन किया और महिलाओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

दीदियों ने सामूहिक शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार व समुदाय की हर महिला को मतदान केंद्र तक पहुँचने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि मतदान दिवस पर “घर-घर संपर्क अभियान” चलाकर सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।

डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा —
“दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ हैं। उनके समर्पण और प्रयास से गाँव-गाँव में मतदाता चेतना की अलख जल रही है। आगामी चुनाव में उनकी भूमिका मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अहम होगी।”

दीदियों ने दीपों की रोशनी और नारों के माध्यम से यह संदेश दिया —
“अंधकार मिटेगा जब हर नागरिक मतदान करेगा।”

कार्यक्रम में संचार प्रबंधक राजा सागर, अशोक रंजन, ब्रहमदेव कुमार, किशोर चन्द्र सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ और समुदाय की महिलाएँ शामिल रहीं