लोकतंत्र का पर्व, पोखराम दक्षिणी पंचायत में जीविका महिला ग्राम संगठनों ने छेड़ा शत-प्रतिशत मतदान जागरूकता अभियान

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

आसन्न विधान सभा आम निर्वाचन 2025 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पोखराम दक्षिणी पंचायत के उच्च विद्यालय बलहा के प्रांगण में एक वृहद् मतदाता जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘सूरज’ एवं ‘पूनम’ जीविका महिला ग्राम संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में, ग्राम संगठन की अध्यक्ष सविना खातून की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रंगोली बनाकर भी ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में एक मजबूत एवं अच्छी सरकार बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। “लोकतंत्र में मतदाता ही देश के मालिक हैं, जो मतदान के माध्यम से पाँच वर्ष के लिए सरकार चुनती है। इसलिए एक-एक वोट का बहुत बड़ा महत्व है और मतदाता की अहम भूमिका है,” उन्होंने ज़ोर देकर कहा।
श्री शर्मा ने जीविका की दीदियों से अपील की कि वे पहला मतदान करके यह सुनिश्चित करें कि एक भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे। उन्होंने दीदियों को प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रखंड में 266 ग्राम संगठन बैठक, सभा, रंगोली सभा, रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जीविका मतदाता जागरूकता आंदोलन चलाकर सराहनीय कार्य कर रही है।
एक महत्वपूर्ण अपील करते हुए उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर अन्य राज्यों से घर आए लोगों से अनुरोध किया कि वे 06 तारीख को अपना वोट डालने के बाद ही वापस लौटें।
कार्यक्रम का शुभारंभ जोश भरे नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा प्रांगण गूंज उठा। इन नारों में “सारा काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। जन जन को संदेश दो, 06 तारीख को वोट दो। पहले मतदान, फिर जलपान। एक वोट राज्य के नाम” सरीखे प्रेरणादायक संदेश शामिल थे। मतदाता जागरूकता सभा में समीना खातून, संगीता देवी, राधा देवी, निलम देवी, सरिता देवी, किरण कुमारी, दुलारचंद सदा, अमरजीत कुमार, प्रमोद ठाकुर, ललित शर्मा, धरमवीर यादव, नादिरा खातून, रंजु कुमारी, ज्योति कुमारी, देव पति देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जीविका सदस्य मौजूद थे। इस सामूहिक प्रयास से पोखराम दक्षिणी पंचायत में शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया गया।