आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनजर कटिहार जिले में मद्य निषेध विभाग अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सघन जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कटिहार मद्य निषेध टीम ने कुरैठा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से भारी मात्रा में शराब जब्त की।

जांच अभियान के दौरान जब्त की शराब

तलाशी अभियान के दौरान टीम ने 4.5 लीटर विदेशी शराब, 31.5 लीटर बीयर और 24.5 लीटर देसी शराब बरामद की। जब्त शराब के संबंध में अज्ञात तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य चुनाव के दौरान शराब के अवैध परिवहन और वितरण पर अंकुश लगाना है।

महिला तस्कर को किया गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग की एक अन्य टीम ने मनिहारी रेलवे स्टेशन पर छापा मारकर दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सावित्री देवी (पति स्व. दशरथ महतो, निवासी रामनगर कुरसेल, थाना कदवा) और रानी देवी (पति रामलाल महतो, निवासी नया टोला तीनगछिया, थाना नगर, जिला कटिहार) के रूप में हुई है। दोनों के पास से क्रमशः 4.500 लीटर और 4.110 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

मद्य निषेध इंस्पेक्टर ने क्या कहा

मद्य निषेध इंस्पेक्टर रवि किशोर ने जानकारी दी कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए हर संदिग्ध वाहन और यात्री की गहन जांच की जा रही है।

कटिहार जिला प्रशासन और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा चलाए जा रहे इस लगातार अभियान से शराब तस्करों में हड़कंप है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे चुनाव के दौरान शांति, निष्पक्षता और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या मद्य निषेध विभाग को देने का आग्रह किया गया है।