भागलपुर में धार्मिक पोस्ट जलाने के बाद विशेष समुदाय ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही डीएसपी टू राकेश कुमार, मधुसुदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विवाद बढ़ने पर एसएसपी भी पहुंचे। घटना हबीबपुर थाना क्षेत्र के करोड़ी बाजार की है।

जानकारी के अनुसार दीवाली की रात इलाके में असामाजिक तत्वों ने धार्मिक पोस्टर को उखाड़ कर जला दिया था। सुबह जब लोगों ने देखा तो बवाल करना शुरू कर दिया। सुद्दी मुखिया चौक पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

सख्त कार्रवाई की मांग

मोहल्ले के रहने वाले इस्तीखार ने बताया कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाए। धार्मिक पोस्टर को उखाड़ कर जला दिया है। ये बहुत गलत है। कुछ लोग समाज को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। हमलोगों ने हमेशा भाईचारा बनाए रखा है। हमारे शहर के अंदर कभी ऐसी बात नहीं हुई है।

 

एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

SSP हृदयकांत ने बताया कि धार्मिक पोस्टर के साथ छेड़छाड़ के बाद विशेष समुदाय के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुटे थे। समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कर लिया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। घटना से संबंधित फुटेज पुलिस के पास उपलब्ध हो चुकी है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। फिलहाल, इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है।