कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर एक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना महमूदगंज के पास हुई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच 19 को जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर खुलवाया और यातायात बहाल किया।

पुलिस के अनुसार, दो व्यक्ति एक बाइक पर सवार होकर दुर्गावती की ओर जा रहे थे। महमूदगंज के पास सड़क किनारे खड़े एक वाहन से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

साथी के साथ लौटने के दौरान हादसा

मृतकों की पहचान चांद थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव निवासी अर्जुन बिंद (30) और निवास बिंद (45) के रूप में हुई है। वे दोनों किसी काम से दुर्गावती जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की।

मृतक अर्जुन बिंद के एक रिश्तेदार ने बताया कि अर्जुन अपने साथी निवास बिंद के साथ कहीं से लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पर खड़े वाहन से टकराने के कारण दोनों की मौत हो गई।

फरार वाहन चालक की तलाश जारी

एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम के कर्मी अशोक कुमार ने जानकारी दी कि उन्हें महमूदगंज के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि दोनों बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।