बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद किशनगंज जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। आदर्श आचार संहिता लागू होते ही टेढ़ागाछ प्रखंड में सुरक्षा व्यवस्था और जांच अभियान को तेज कर दिया गया है। आगामी 11 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

टेढ़ागाछ, रामपुर और बलुआ जागीर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहनों की डिक्की, बॉडी, हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों या वस्तुओं पर अधिकारी विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

इसके साथ ही, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र फतेहपुर बीओपी पर भी जांच और गश्त को मजबूत किया गया है। इसका उद्देश्य सीमा पार से किसी भी अवैध गतिविधि या चुनावी गड़बड़ी को रोकना है।

राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर टेढ़ागाछ क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध सामग्री या आचार संहिता का उल्लंघन न हो। थानाध्यक्ष इजहार आलम ने जानकारी दी कि प्रत्येक बैरिकेडिंग स्थल पर पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। शराब, नगद राशि या प्रलोभन से जुड़ी किसी भी सामग्री पर विशेष नजर रखी जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि वे बिना किसी भय या दबाव के मतदान कर सकें। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना की है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना हुआ है।