दरभंगा में 123 उम्मीदवार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, डीएम-एसएसपी ने दी जानकारी — अब तक 689 गिरफ्तारी और 2037 लीटर शराब जब्त

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि पर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आज नाम वापसी की अंतिम तिथि थी, जिसमें कुल 09 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लिया। अब दरभंगा जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 145 में से 123 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहेंगे।

उन्होंने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है —
कुशेश्वरस्थान (10), गौड़ाबौराम (12), बेनीपुर (14), अलीनगर (12), दरभंगा ग्रामीण (13), दरभंगा (13), हायाघाट (13), बहादुरपुर (17), केवटी (10) एवं जाले (09)।

डीएम ने बताया कि जिले में कुल 3329 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 17 अक्टूबर 2025 के अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार दरभंगा जिले में 28,90,605 मतदाता हैं, जिनमें 15,23,142 पुरुष, 13,67,420 महिला तथा 43 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
सेवा मतदाताओं की संख्या 2185 है।

उन्होंने आगे बताया कि 1796 मतदान केंद्र लोकेशन बनाए गए हैं। व्यय अनुश्रवण के लिए 10 विधानसभा क्षेत्रों में 30 एफएसटी और 35 एसएसटी का गठन किया गया है। 359 सेक्टर पदाधिकारी भी तैनात किए गए हैं।
जिले में 50 पिंक बूथ बनाए जाएंगे, जिन पर पूरी तरह महिला मतदान कर्मी कार्यरत रहेंगी।
सभी मतदान कर्मियों को ईवीएम प्रशिक्षण दिया गया है तथा कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी और महिला कर्मियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति रहेगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ रेड्डी ने कहा कि जिले में गश्ती तेज कर दी गई है तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की जा चुकी है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती होगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को सुरक्षा की आवश्यकता है तो आवेदन देने पर सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि 6 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच 689 लोगों की गिरफ्तारी, 2037 लीटर शराब की बरामदगी, 04 देसी कट्टा/पिस्टल, 11 कारतूस और 1 खोखा जब्त किया गया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 चेकपोस्ट बनाए गए हैं तथा 11,233 व्यक्तियों पर बीएनएसएस की धारा 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।