अनु.जाति एवं अनु.जनजाति टोलों में चलेगा विशेष स्वीप अभियान ,अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन की पहल
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने बताया कि जिले में अनु.जाति एवं अनु.जनजाति परिवारों के बीच मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष स्वीप अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर नामित नोडल पदाधिकारी के निर्देशन में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करेंगे, जबकि विकास मित्र पंचायत एवं वार्ड स्तर पर नोडल कर्मी के रूप में कार्य करेंगे।
मतदान केंद्रों से जुड़े अनु.जाति एवं अनु.जनजाति परिवारों में मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने, वैध पहचान पत्रों के प्रति जागरूक करने तथा मतदान केंद्र की जानकारी सुनिश्चित कराने के लिए विकास मित्र, टोला सेवक और स्थानीय कर्मी एक टीम के रूप में कार्य करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि यह टीम प्रतिदिन नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए, ताकि इन समुदायों की मतदान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि इन टोलों में प्रभातफेरी, चौपाल, घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से मतदान के अधिकार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रत्येक अनु.जाति एवं अनु.जनजाति परिवार को मतदान पर्ची वितरण, बीएलओ की जानकारी और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक सूचनाएँ दी जाएँगी।
इस अभियान के अनुश्रवण की जिम्मेदारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और जिला कल्याण पदाधिकारी को दी गई है, जो गतिविधियों की दैनिक एवं साप्ताहिक समीक्षा करेंगे।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए सभी पदाधिकारी आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विकास मित्र अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जियो लोकेशन चालू रखेंगे, ताकि फीडबैक प्राप्त किया जा सके।
विशेष स्वीप अभियान के तहत 21 व 22 अक्टूबर को सभी संलग्न कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि प्रथम चरण के मतदान (06 नवंबर 2025) के मद्देनजर 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक गहन जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
मतदान के दिन विकास मित्र एवं टोला सेवक आईएमएफ (Information, Motivation & Facilitation) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करेंगे तथा किसी प्रकार की बाधा या डराने-धमकाने की स्थिति होने पर प्रखंड/जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विकास मित्रों व संबंधित कर्मियों को यह भी निर्देश दिया कि वे किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार या प्रेरणा का कार्य नहीं करेंगे और प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।