हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर— जीविका दीदियाँ बनीं लोकतंत्र की सशक्त आवाज़, हायाघाट में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उमड़ा जनउत्साह, महिलाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प।
हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर— जीविका दीदियाँ बनीं लोकतंत्र की सशक्त आवाज़, हायाघाट में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उमड़ा जनउत्साह, महिलाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प।
हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर— जीविका दीदियाँ बनीं लोकतंत्र की सशक्त आवाज़,
हायाघाट में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उमड़ा जनउत्साह, महिलाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प।
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के आदेशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान पूरे जोश और जनसहभागिता के साथ संचालित हो रहा है।
सभी 18 प्रखंडों में जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत करा रही हैं ताकि “हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य को पूर्ण रूप से हासिल किया जा सके।
आज हायाघाट प्रखंड में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने स्वयं हिस्सा लेकर महिलाओं का मनोबल बढ़ाया और उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में दीदियों ने संदेश दिया कि “मतदान केवल व्यक्तिगत अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के विकास में भागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम है।”
अभियान के दौरान गाँव-गाँव में मतदाता रैलियाँ निकाली गईं। दीदियाँ हाथों में तख्तियाँ और नारों से सजे बैनर लिए “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार”, और “लोकतंत्र की शान – है मतदान” जैसे नारों के साथ गलियों में उतरीं।
लोकगीत, पोस्टर, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता जैसे माध्यमों से मतदान के महत्व को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही मतदान केंद्रों की झलक और जागरूकता संदेशों को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
दीदियों ने सामूहिक शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार, पड़ोस तथा समुदाय की हर महिला को मतदान केंद्र तक पहुँचने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि मतदान दिवस पर “घर-घर संपर्क अभियान” चलाकर किसी भी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं रहने देंगी।
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा —
“दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज लोकतंत्र की सच्ची प्रहरी बन चुकी हैं। उनकी निष्ठा और सेवा भावना गाँव-गाँव में लोकतांत्रिक चेतना फैला रही है। उनकी भागीदारी से मतदान प्रतिशत अवश्य बढ़ेगा।”
बीपीएम श्री विजय कुमार ने कहा —
“मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है जो हमारे भविष्य की दिशा तय करती है। जीविका दीदियाँ बदलाव की अग्रदूत हैं और उनके प्रयासों से समाज में नई जागरूकता आई है।”
कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाएँ एवं जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं। पूरे वातावरण में देशभक्ति और लोकतांत्रिक उत्साह झलक रहा था। सभी ने एक स्वर में कहा —
“हमारा वोट, हमारी ताकत — हर हाल में करेंगे मतदान।”
जीविका दीदियों ने घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया तथा मतदान दिवस पर सहायता के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी और लोकतंत्र के प्रति विश्वास और गहरा होगा।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं, जिन्होंने एकजुट होकर जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।