विधानसभा चुनाव को लेकर प्रेक्षक ने किया समाहरणालय स्थित विभिन्न कोषांगों का औचक निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत 79-गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रेक्षक  सी. एन. लॉन्गफाई ने आज समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न निर्वाचन संबंधी कोषांगों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कार्मिक कोषांग, समाधान कोषांग, मीडिया कोषांग, नामांकन कोषांग आदि की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में मीडिया कोषांग का अवलोकन करते हुए प्रेक्षक महोदय ने मीडिया निगरानी की प्रभावशीलता बढ़ाने हेतु टेलीविजन की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पेड न्यूज एवं सोशल मीडिया की निगरानी पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्याशियों द्वारा प्रचारित सामग्री पर निरंतर कड़ी नजर रखी जाए।

मीडिया कोषांग में प्रमुख हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू समाचार पत्रों का नियमित अवलोकन किया जा रहा है, ताकि पेड न्यूज की पहचान सुनिश्चित हो सके और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन हो। प्रकाशित राजनीतिक विज्ञापनों के व्यय विवरण को प्रतिदिन व्यय कोषांग को भेजने की व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC), मीडिया कोषांग एवं पेड न्यूज निगरानी कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक महोदय ने नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग-सह- जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री सत्येंद्र प्रसाद को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस मौके पर उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी  आशुतोष कुमार, जिला आईटी प्रबंधक  खालिद अंसारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।