पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र बिरौल अनुमंडल में हाई अलर्ट! असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए दो जिलों और दो थानों की सीमा पर सघन सर्च अभियान

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

पर्व-त्योहारों के अवसर पर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बिरौल अनुमंडल पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अनुमंडल पुलिस के नेतृत्व में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार ‘सर्च अभियान’ चलाया जा रहा है।


यह विशेष सुरक्षा अभियान दो ज़िलों और दो थानों के सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों की अगुवाई में संचालित हो रहा है।
सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए अनुमंडल के मुख्य-मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को सघन तलाशी के दायरे में लिया गया है। जिन प्रमुख स्थानों पर यह अभियान चलाया जा रहा है, उनमें इटवा शिवनगर, बिरौल-कुशेश्वस्थान मुख्य मार्ग, बेर चौक,तिलकेश्वर, बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग सहित कई अन्य संवेदनशील क्रॉसिंग और प्वाइंट्स शामिल हैं।
इस व्यापक सर्च ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) के जवान भी शामिल हैं। सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान संयुक्त रूप से मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा बलों की यह संयुक्त टीम सभी प्रकार के निजी और व्यावसायिक वाहनों की गहनता से जांच कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान त्यौहारों के दौरान आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करने और किसी भी प्रकार की विघटनकारी गतिविधि को निष्क्रिय करने के लिए एक निवारक कदम है। यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि पर्व-त्यौहार और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न नहीं हो जाते।