प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का शानदार समापन , खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ दी लोकतंत्र में भागीदारी की शपथ

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का तीसरा एवं अंतिम दिन शनिवार को जी. डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, दरभंगा में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने-अपने जिले का नाम रोशन किया।

तीसरे दिन फुटबॉल, हैंडबॉल, ताइक्वांडो और योग प्रतियोगिताओं के रोमांचक मुकाबले खेले गए।
फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक वर्ग में दरभंगा विजेता और मधुबनी उपविजेता रही, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में समस्तीपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और दरभंगा उपविजेता रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में समस्तीपुर विजेता और मधुबनी उपविजेता रही। बालिका वर्ग में अंडर-14 और अंडर-17 दोनों में समस्तीपुर ने विजेता का खिताब जीता, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में दरभंगा विजेता रही।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में सुशांत राज, कुंदन कुमार, दिव्यांश पटेल, अंकेश कुमार, ऋषभ कुमार, सौरभ कुमार शर्मा, सॉरी आनंद, यशस्वी राज और जतिन कुमार को स्वर्ण पदक मिला।
अंडर-19 बालक वर्ग में प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, अर्जुन कुमार, आदित्य कुमार, सौरभ कुमार, मिहिर चंद्र चौधरी और सौरभ कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दरभंगा के तबरेज को रजत पदक प्रदान किया गया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में सुहानी प्रिया, राजनंदनी कुमारी, गुंजन कुमारी, स्वाति कुमारी, अंजली कुमारी, कोमल कुमारी, स्तुति, खुशी, सृष्टि कुमारी और अंकिता कुमारी को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। अंडर-19 बालिका वर्ग में अर्चना कुमारी, अंशु कुमारी, आकृति कुमारी, ज्योतिका सिंह और किंजल सिंह को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

योग प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में सृष्टि कुमारी प्रथम, मनीषा कुमारी द्वितीय और काजल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में कुमार सौरभ प्रथम, गुलशन कुमार द्वितीय और किशन कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में अदिति कुमारी प्रथम, पूजा कुमारी द्वितीय और दीपा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

हैंडबॉल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग में दरभंगा विजेता और मधुबनी उपविजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में दरभंगा विजेता और समस्तीपुर उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में दरभंगा विजेता और समस्तीपुर उपविजेता रही, वहीं बालिका वर्ग में भी दरभंगा विजेता और समस्तीपुर उपविजेता रही।

खेलों के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने तीनों जिलों से आए खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “खिलाड़ी अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल विद्यालय का बल्कि पूरे दरभंगा प्रमंडल का गौरव बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने परिजनों को लोकतंत्र के महापर्व — मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

समारोह का संचालन डॉ. केशव कुमार चौधरी ने किया, जिनके संयमित संचालन की सभी ने सराहना की। मंच संचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री रविंद्र कुमार सिंह और डॉ. चौधरी को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यालय कार्यों में सहयोग देने के लिए कुमार अनुराग, सुप्रभा और ज्योति कुमारी को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों ने लोकतंत्र के महान पर्व में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्य निभाने की शपथ ली।