बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर रहा जोर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर रहा जोर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर रहा जोर
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन दरभंगा द्वारा शनिवार को मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित सूचना भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (मीडिया एवं एमसीएमसी) सत्येन्द्र प्रसाद ने की। इस अवसर पर सभी सहायक नोडल अधिकारी, संचार प्रबंधक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई। नोडल पदाधिकारी श्री प्रसाद ने कहा कि चुनाव अवधि के दौरान प्रकाशित या प्रसारित होने वाली खबरें पूर्णतः निष्पक्ष, सटीक और संतुलित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका पारदर्शी एवं जनसरोकारों से जुड़ी चुनावी प्रक्रिया को बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया कोषांग का दायित्व है कि चुनाव संबंधी सभी सूचनाएँ समयबद्ध, प्रमाणिक और तथ्यों पर आधारित हों। इस दौरान उन्होंने कर्मियों को निर्वाचन कार्य में पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी से योगदान देने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया निगरानी कोषांग की कार्यप्रणाली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। श्री प्रसाद ने बताया कि जिले में फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म्स की निगरानी सतत रूप से की जा रही है। उन्होंने कोषांग के कर्मियों को पेड न्यूज़, विज्ञापन और भ्रामक सामग्री पर विशेष नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
संचार प्रबंधक श्री राजा सागर ने कहा कि धर्म, जाति, समुदाय, राष्ट्रहित एवं पेड न्यूज़ से संबंधित समाचारों और विज्ञापनों की सख्त निगरानी की जा रही है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों के अक्षरशः पालन का आग्रह किया।
बैठक में जिला आईटी मैनेजर श्री मो० खालिद अंसारी ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोषांग के कर्मियों को आवश्यक डिजिटल उपकरणों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया है, जिससे निगरानी कार्य अधिक प्रभावी और पारदर्शी हो सके।
बैठक के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि दरभंगा जिले में चुनावी प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।