बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रेक्षकों ने दरभंगा में विभिन्न कोषांगों का किया निरीक्षण
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रेक्षकों ने दरभंगा में विभिन्न कोषांगों का किया निरीक्षण
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रेक्षकों ने दरभंगा में विभिन्न कोषांगों का किया निरीक्षण
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र दरभंगा में नियुक्त व्यय प्रेक्षक प्रभात दंडोतिया, वरुवोरू श्रीधर तथा सामान्य प्रेक्षक मोहम्मद तैयब ने शनिवार को जिले में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक दल ने आई.टी. एप्लीकेशन, सुविधा, समाधान कोषांग, मीडिया कोषांग, ईवीएम वेयरहाउस एवं सिंगल विंडो केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों से कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विशेष रूप से जिला जनसम्पर्क कार्यालय, सूचना भवन, दरभंगा में संचालित मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC), मीडिया कोषांग एवं पेड न्यूज कोषांग का निरीक्षण किया गया। नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद को प्रेक्षक ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
प्रेक्षकों ने कहा कि एमसीएमसी का मुख्य उद्देश्य प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों द्वारा प्रसारित सामग्री का पूर्व प्रमाणन, पेड न्यूज की पहचान एवं रोकथाम, तथा प्रचार से जुड़े व्यय की निगरानी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के विपरीत किसी भी प्रकार के विज्ञापन का प्रकाशन या प्रसारण प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे मामलों में समिति द्वारा त्वरित निर्णय लेकर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि चार टीवी मॉनिटरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। प्रमुख स्थानीय न्यूज़ चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा किसी भी भ्रामक या नकारात्मक सूचना पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
प्रेक्षक ने अखबारों की समीक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी भी ली। नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग ने बताया कि प्रमुख हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू समाचार पत्रों का दैनिक अवलोकन किया जा रहा है, तथा प्रकाशित विज्ञापनों की व्यय विवरणी प्रतिदिन व्यय कोषांग को उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रेक्षक दल ने कोषांगों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पूरे निर्वाचन काल में सतर्क एवं सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग के सभी निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त प्रेक्षकों ने सदर अनुमंडल कार्यालय के सामने सिंगल विंडो सिस्टम एवं ईवीएम वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, सहायक नोडल पदाधिकारी एवं कार्यरत कर्मी उपस्थित रहे।