दरभंगा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान – कहा, बिहार अब प्रगति की राह पर है,

एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले – जनता दे मौका, अधूरे काम होंगे पूरे

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा /गुड्डू राज 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को दरभंगा के नेहरू स्टेडियम में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति बेहद खराब थी। कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई थी। लेकिन एनडीए सरकार बनने के बाद राज्य में विकास की गाड़ी तेज़ी से चली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सबसे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल, बिजली, सिंचाई और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि दरभंगा में 2500 बेड का बड़ा अस्पताल बन रहा है और एम्स की स्थापना की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा हर अनुमंडल में महिला आईटीआई खोली गई है।

उन्होंने कहा कि दरभंगा को तकनीकी शिक्षा का हब बनाने के लिए आईटी पार्क, टेक्निकल कॉलेज और तारामंडल जैसी परियोजनाएं शुरू की गई हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की –

“हमें एक और मौका दीजिए, ताकि जो योजनाएं अधूरी रह गई हैं, उन्हें पूरा किया जा सके।”

उन्होंने कहा कि राज्य में कई रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), नालों और पुलों का निर्माण हुआ है तथा दरभंगा हवाई अड्डे का विस्तार भी तेजी से चल रहा है।

संजय झा बोले – नीतीश कुमार वादा निभाने वाले नेता हैं

कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा –

“यह चुनाव अगले 25 सालों का भविष्य तय करेगा। एनडीए सरकार बनी तो बिहार के एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – एनडीए की जीत तय है

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विकास मॉडल बिहार को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है।
उन्होंने कहा, “आज की यह भीड़ बता रही है कि जनता ने फिर से एनडीए को मौका देने का मन बना लिया है।”

स्थानीय नेताओं ने गिनाईं क्षेत्रीय उपलब्धियां

दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि बहादुरपुर क्षेत्र में 36 करोड़ रुपये की लागत से गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
साथ ही आईटी पार्क, एम्स, आरओबी और केंद्रीय विद्यालय जैसी परियोजनाएं तेजी से पूरी हो रही हैं।

जदयू प्रत्याशी और मंत्री मदन सहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा उनके क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में मिली सभी योजनाओं को जमीन पर उतारा गया है।

कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने की। मंच पर संजय सरावगी, विनय कुमार चौधरी, रामचंद्र प्रसाद, मुरारी मोहन झा, ईश्वर मंडल, देवेंद्र झा, भीष्म सहनी और लक्ष्मण पासवान सहित कई नेता मौजूद थे।
सभी नेताओं ने जनता से अपील की कि वे विकास, रोजगार और सुशासन को ध्यान में रखते हुए एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।