दरभंगा जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी स्टैटिक चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी, सख्त हुई प्रशासनिक चौकसी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर दरभंगा जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया है। आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बाद जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में आठ से अधिक स्टैटिक चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहाँ चौबीसों घंटे (24×7) निगरानी रखी जा रही है।

इन चेक पोस्टों पर प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार वाहनों व व्यक्तियों की जांच कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोका जा सके।

स्थापित चेक पोस्ट बिठौली (मुजफ्फरपुर सीमा), राजे टोल प्लाजा, राजनगर सीमा, पुनाच (सहरसा सीमा), तिलकेश्वर थाना (खगड़िया-कुशेश्वरस्थान सीमा), जमालपुर (समस्तीपुर सीमा), चंदौना (सीतामढ़ी सीमा) और मोटगाह (रोसड़ा-बहेड़ी पथ) पर कार्यरत हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, आज जसमलपुर, घेपुरा केवटी तथा रोसड़ा-बहेड़ी पथ सहित विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि चेक पोस्टों पर 24 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कोई संभावना न रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करें और निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।