कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के चोलहर पंचायत अंतर्गत फूदकी टोला गांव में जमीन विवाद को लेकर एक पोते ने अपने बुजुर्ग दादा और दादी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल दंपति का अस्पताल में इलाज जारी
यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। घायलों की पहचान अयोध्या सिंह (लगभग 70 वर्ष) और उनकी पत्नी शांति देवी (लगभग 65 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने उन्हें आनन-फानन में आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।
हमलावर पोता फरार
घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पोता मिथुन सिंह (29 वर्ष) घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घायल दंपति की बेटी आदरी देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके माता-पिता पर उनके सगे पोते मिथुन सिंह ने जमीन विवाद के चलते धारदार हथियार से हमला किया और मौके से फरार हो गया।
