भागलपुर में आगामी बिहार विधानसभा आम चुनाव को लेकर मंगलवार को जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित कुमार ने किया। रैली में बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका, मध्य विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं, तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाकर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
छात्राओं ने “पहले मतदान, फिर जलपान” का जोरदार नारा लगाया, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया। यह रैली जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस प्रखंड परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान लोगों को बताया गया कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में हर मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा, “मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है।
हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए ताकि बेहतर शासन और विकास सुनिश्चित हो सके।” इस अवसर पर एमबीबीएस सफाई कर्मियों की टीम, स्वच्छता कर्मी और जीविका समूह की महिलाओं ने भी लोगों को स्वच्छता और मतदान, दोनों के महत्व से अवगत कराया। रैली में उपस्थित अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
