बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए कैमूर में नामांकन प्रक्रिया जारी है। हालांकि, 14 अक्टूबर को दूसरे दिन भी किसी भी राजनीतिक दल या निर्दलीय उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। 13 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया के पहले दिन भी कोई पर्चा नहीं भरा गया था, जिसके कारण कैमूर के प्रशासनिक कार्यालयों में लगातार दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। कैमूर जिले में कुल चार विधानसभा क्षेत्र हैं: चैनपुर, भभुआ, रामगढ़ और मोहनिया।
इन सभी सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलेगी। चैनपुर विधानसभा के लिए नामांकन भभुआ अनुमंडल कार्यालय में हो रहा है, जिसकी जिम्मेदारी डीसीएलआर भभुआ को दी गई है। वहीं, रामगढ़ और मोहनिया विधानसभा सीटों के लिए नामांकन अनुमंडल कार्यालय मोहनिया में किया जा रहा है। मोहनिया विधानसभा के नामांकन की जिम्मेदारी एसडीएम मोहनिया के पास है, जबकि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए डीसीएलआर मोहनिया को नियुक्त किया गया है।
20 अक्टूबर तक चलेगी प्रक्रिया नामांकन के दूसरे दिन भभुआ और मोहनिया अनुमंडल कार्यालयों में प्रशासनिक पदाधिकारी और सुरक्षा बल तैनात रहे। पूरे परिसर में कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि या संभावित प्रत्याशी के उपस्थित न होने से माहौल पूरी तरह शांत रहा।
चुनाव कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में भाजपा, राजद, जदयू, कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय पार्टियों के प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि, अब तक जिले के किसी भी विधानसभा क्षेत्र से औपचारिक रूप से किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। केवल जन सुराज पार्टी ने चैनपुर विधानसभा से हेमंत चौबे को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिला निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।
