6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही अतिक्रमण मुक्ति अभियान, दीपावली और छठ की भी तैयारी की जा रही है। चुनाव में विधि-व्यवस्था संपन्न कराने के लिए सभी चेक पोस्ट पर लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

यह जानकारी डीएम तुषार सिंगला ने दी। ईवीएम का फर्स्ट रेंडमाइजेशन कर दिया गया है। मतदान कर्मियों के प्रथम प्रशिक्षण की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से चल रही है और 16 अक्टूबर को संपन्न होगी। एमआरजेडी कॉलेज और बीपी हाई स्कूल में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शांतिपूर्ण और भय मुक्त मतदान संपन्न करने के लिए जिले भर में 21 FST टीम और 21 SST टीम का गठन किया गया है। जिले की सीमा पर 5 जगह एनटीपीसी के पास चकिया, बछवाड़ा के रसीदपुर, साहेबपुर कमाल के हीरा टोल, बखरी के सांखू और खोदावंदपुर के सागी में चेक पोस्ट लगाए गए हैं।

 

 

मिठाई दुकान-प्रतिष्ठानों की जांच करने के निर्देश सभी चेक पोस्ट पर निरंतर जांच चल रही है। बेगूसराय जिला में सीआरपीएफ की 33 कंपनी तैनात कर दी गई है। जांच के दौरान 97 लाख 27 हजार रुपए का ड्रग्स, 1 करोड़ 9 लाख का करीब 12026 लीटर शराब, 7 लाख 96 हजार रुपया कैश, 6 लाख 41 हजार के बहुमूल्य धातु सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन की ओर से एनएच पर अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें संबंधित विभाग और एजेंसी को लगाया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में संबंधित अधिकारी और कर्मी सहयोग नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ BNS की धारा-152 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में 180 होमगार्ड को लगाए गए हैं। आगामी दीपावली-छठ की तैयारी के मद्देनजर विधि व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन हर कार्रवाई कर रही है। खाद्य निरीक्षक को मिठाई दुकान-प्रतिष्ठानों की जांच करने का निर्देश दिया गया है।

 

अग्निशमन अधिकारी को भी संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के लिए निर्देश दिए गए हैं। छठ की तैयारी के लिए घाटों की सफाई की जा रही है। 27 एवं 28 अक्टूबर को जिले के सभी नदियों में नाव का परिचालन बंद रहेगा। छठ घाट पर सीसीटीवी से निगरानी के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। घाट पर गोताखोर भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा भी चुनाव एवं पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सभी तैयारी की जा रही है।