दरभंगा जिले में स्थापित सभी स्टैटिक चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी, आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर प्रशासन सख्त

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दरभंगा जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा लगातार तैयारियाँ की जा रही हैं।

इसी क्रम में, सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ से अधिक स्टैटिक चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन सभी चेक पोस्टों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है तथा वाहनों और व्यक्तियों की नियमित जांच की जा रही है।

स्थापित चेक पोस्ट बिठौली (मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच सीमा), राजे टोल प्लाजा, राजनगर सीमा, पुनाच (सहरसा-दरभंगा सीमा), तिलकेश्वर थाना (खगड़िया-कुशेश्वरस्थान पथ), जमालपुर (समस्तीपुर-दरभंगा सीमा), चंदौना (सीतामढ़ी-दरभंगा सीमा) तथा मोटगाह (रोसड़ा-बहेड़ी पथ) पर कार्यरत हैं।

प्रत्येक चेक पोस्ट पर पदाधिकारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। सोमवार को जमालपुर, घेपुरा (केवटी), रोसड़ा-बहेड़ी पथ सहित कई स्थानों पर सैकड़ों गाड़ियों की जांच की गई।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करें एवं निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।