लोकतंत्र के महापर्व में दरभंगा बना रहा है शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प,जिलाधिकारी ने विकास मित्रों को दिया प्रशिक्षण, 80% से अधिक मतदान कराने वाले होंगे सम्मानित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

समाहरणालय स्थित ऑडिटोरियम दरभंगा में आज जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर विकास मित्रों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विकास मित्रों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में माइक्रो प्लान तैयार करें और हर टोले में 5-7 सक्रिय नागरिकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि हर घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए ताकि दरभंगा जिले में 80% से अधिक मतदान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि 6 नवंबर 2025 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। आने वाले 21 दिनों में प्रत्येक पंचायत के 12 से 15 टोले में विशेष अभियान चलाकर निष्क्रिय मतदाताओं को जगाना है। जिलाधिकारी ने कहा —

“यह लोकतंत्र का महापर्व है, जो पाँच वर्षों में एक बार आता है। हर मतदाता का एक-एक वोट महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक वोट से भी हार-जीत तय हो सकती है।”

उन्होंने निर्देश दिया कि महादलित टोले में शत-प्रतिशत मतदान कराया जाए ताकि जिले का मान-सम्मान बढ़े। साथ ही, दिवाली और छठ के अवसर पर घर आने वाले नागरिकों से मतदान कर लौटने की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि जिन विकास मित्रों के क्षेत्र में 80% से अधिक मतदान होगा, उन्हें 26 जनवरी के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और हर नागरिक को इसका उपयोग कर लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करना चाहिए।
जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार ने सभी विकास मित्रों से जिलाधिकारी के निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया और धन्यवाद ज्ञापन दिया।
वरीय समाहर्ता वृषभानु चंद्रा ने मतदान केंद्रों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि हर मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए ताकि दरभंगा जिला सत-प्रतिशत मतदान में अव्वल बन सके।

कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों से आए विकास मित्र और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।