बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए 13 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैमूर जिले की चारों विधानसभा सीटों—रामगढ़, भभुआ, मोहनिया और चैनपुर—पर पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
हालांकि, चारों विधानसभा क्षेत्रों में नाजिर रसीद कटवाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कई दलों के संभावित उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी के संकेत दिए हैं। मोहनिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की संगीता कुमारी, राजद के इंद्रजीत राम, आजाद समाज पार्टी की कामना जगन्नाथ और असंख्य समाज पार्टी के नीतीश कुमार ने नाजिर रसीद कटवाई है।
इन उम्मीदवारों ने कटवाई नाजिर रसीद
रामगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा के अशोक कुमार सिंह, आजाद समाज पार्टी के हिसामुद्दीन अंसारी और राजद के अजीत कुमार सिंह ने भी नाजिर रसीद कटवाई है।
भभुआ विधानसभा सीट पर बसपा से विकास कुमार सिंह उर्फ लल्लू पटेल और जय जनता पार्टी से शिशुपाल सिंह ने नाजिर रसीद कटवाई है।
चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल बिंद, बसपा के धीरज कुमार सिंह, निर्दलीय अनुज कुमार दुबे और निर्दलीय जवाहर राम मल्लाह ने भी नाजिर रसीद कटवाई है।
जनसुराज से किसी उम्मीदवार ने नहीं कटवाया रशीद
जनसुराज पार्टी की ओर से अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने नाजिर रसीद नहीं कटवाई है। हालांकि, पार्टी ने सोमवार को चैनपुर विधानसभा से हेमंत चौबे को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया में तेजी आएगी और राजनीतिक सरगर्मी बढ़ेगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से 20 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल करने और चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
