किशनगंज शहर के खगड़ा मेला ग्राउंड क्षेत्र में नशे की लत ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 15, चूड़िपट्टी, कग्जिया बस्ती निवासी आसिफ (पिता मलिउद्दीन) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आसिफ ई-रिक्शा चालक था।
बता दें कि, खगड़ा मेला ग्राउंड क्षेत्र ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म की तर्ज पर नशे का अड्डा बन गया है। यहां युवा एविल और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों को मोमबत्ती पर गर्म कर सिरिंज से शरीर में इंजेक्ट करते हैं। आसिफ भी इसी लत का शिकार था, और नशे की अधिक मात्रा के कारण उसकी मौत हो गई।
खगड़ा में खुलेआम चल रहा नशे का कारोबार
स्थानीय निवासी गुड्डू ने बताया कि खगड़ा क्षेत्र में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है। नशे की लत के कारण शहर में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि नशा तस्कर बिना किसी डर के इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं।
आसिफ की मौत ने स्थानीय समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है, और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की माँग कर रहे हैं। आसिफ के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
समझाने के बावजूद कर रहा था नशा
उनके पिता मलिउद्दीन ने बताया कि आसिफ नशे की लत में फंस गया था और बार-बार समझाने के बावजूद वह इससे बाहर नहीं निकल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
नशे में आपराधिक घटनाओं को देते अंजाम
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि यहां पर दर्जनों ऐसे घर है जो नशे का कारोबार करते हैं। जिससे युवक नशे की लत के कारण कई आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम भी देते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी तीन से अधिक युवकों की मौत हो गई है, जिनकी उम्र 18 से 25 तक था।
जांच में जुटी पुलिस
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
