हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर जीविका दीदियों की पहल — दरभंगा में गाँव-गाँव फैली लोकतंत्र की जागरूकता
हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर जीविका दीदियों की पहल — दरभंगा में गाँव-गाँव फैली लोकतंत्र की जागरूकता
हर मतदाता, हर वोट” के लक्ष्य की ओर जीविका दीदियों की पहल — दरभंगा में गाँव-गाँव फैली लोकतंत्र की जागरूकता
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे जोश और जनसहभागिता के साथ संचालित हो रहा है। इस अभियान में जीविका, दरभंगा की जीविका दीदियाँ अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। जिले के सभी 18 प्रखंडों में दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत करा रही हैं ताकि “हर मतदाता, हर वोट” का लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सके।
कुशेश्वरस्थान प्रखंड में आज आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने स्वयं भाग लेकर महिलाओं का मनोबल बढ़ाया और उन्हें लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में दीदियों ने संदेश दिया कि “मतदान केवल व्यक्तिगत अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के विकास में भागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम है।”
गाँव-गाँव में मतदाता रैलियाँ निकाली गईं, जहाँ जीविका दीदियाँ “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” और “लोकतंत्र की शान – है मतदान” जैसे नारों के साथ सड़कों पर उतरीं। लोकगीत, पोस्टर, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्होंने मतदान के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
सभी दीदियों ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी प्रेरित करेंगी। मतदान दिवस पर “घर-घर संपर्क अभियान” चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि “दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज लोकतंत्र की सच्ची प्रहरी बन चुकी हैं। उनकी निष्ठा से गाँव-गाँव में लोकतांत्रिक चेतना फैल रही है।”
वहीं बीपीएम अन्नू कुमारी ने कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है जो हमारे भविष्य की दिशा तय करती है।”
प्रखंड स्तर के कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी रही। पूरे माहौल में देशभक्ति और लोकतंत्र की भावना झलक रही थी। दीदियों ने मतदाता सूची का सत्यापन भी किया और मतदान दिवस पर सहायता के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
कार्यक्रम में रिंकू, मनोरमा मिश्रा, प्रखंड स्तरीय सभी कर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं। सभी ने एक स्वर में कहा “हमारा वोट, हमारी ताकत — हर हाल में करेंगे मतदान।”