विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में बने वीडियोग्राफी निगरानी दल, चुनावी खर्च पर रहेगी कड़ी नजर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के निष्पक्ष, पारदर्शी और सफल संचालन को लेकर दरभंगा जिले में सभी दस विधानसभाओं के लिए वीडियो निगरानी दल (Video Surveillance Team) का गठन किया गया है। यह पहल निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है।

इन दलों का मुख्य उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों या राजनीतिक दलों द्वारा आयोजित सभा, जुलूस, रैली, पदयात्रा, रोड शो आदि कार्यक्रमों पर होने वाले खर्च की सघन निगरानी और नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

वीडियोग्राफी रियल टाइम और डेट स्टाम्पिंग के साथ की जाएगी, ताकि प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थान तथा आयोजनकर्ता की स्पष्ट पहचान दर्ज हो सके। इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित होगा कि वीडियो के अवलोकन मात्र से कार्यक्रम की प्रकृति और संबंधित जानकारी साफ-साफ दिखाई दे।

वीडियोग्राफी के दौरान कार्यक्रम का प्रकार, स्थान, तिथि-समय, आयोजनकर्ता, प्रचार-प्रसार सामग्री, मंच-सज्जा और वाहनों की संख्या जैसी सूचनाओं को भी विस्तार से दर्ज किया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला अधिकारी, दरभंगा ने सभी वीडियो निगरानी दलों को निर्देश दिया है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, सतर्कता और गंभीरता के साथ करें, ताकि चुनावी व्यय की पारदर्शिता बनी रहे और सभी प्रत्याशियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित हो सके।