समस्तीपुर जिला के मथुरापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर में चॉकलेट के पीछे छिपाई थी शराब की खेप,

हरियाणा से समस्तीपुर लाई जा रही 52 सौ लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

समस्तीपुर जिला के मथुरापुर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मथुरापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार की देर रात हांसा स्थित चेकपोस्ट पर एक कंटेनर (निबंधन संख्या–HR-63E-3615) से रॉयल ग्रीन व्हिस्की की कुल 5236.2 लीटर शराब बरामद की है। कंटेनर हरियाणा से समस्तीपुर होते हुए खानपुर की ओर जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि कंटेनर के चालक और उपचालक ने पुलिस नाकेबंदी देखते ही वाहन कुछ दूर पहले रोककर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने कंटेनर में चॉकलेट लोड होने की बात कही। हालांकि जब कंटेनर खोला गया, तो अंदर से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब का विवरण:
• 750 एमएल की 1980 बोतलें
• 375 एमएल की 5280 बोतलें
• 180 एमएल की 9840 बोतलें
कुल मात्रा: 5236.2 लीटर रॉयल ग्रीन व्हिस्की

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार और राकेश कुमार, दोनों निवासी उदैशीपुर, थाना गनौर, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मथुरापुर थाना कांड संख्या–81/25, दिनांक–13.10.2025 को मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के नेटवर्क की बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

थानाध्यक्ष मथुरापुर राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी, पुअनि जगनिवास शर्मा, लक्ष्मण सिंह, पीटीसी रहमत खाँ, अरुण कुमार सिंह, सिपाही मृत्युंजय कुमार, मुकेश कुमार, अवधेश कुमार, श्रवण कुमार और शिव कुमार।

समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण मद्यनिषेध को सफल बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।