कुशेश्वरस्थान और गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया शुरू, सरोज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अनुमंडल मुख्यालय बिरौल में 78 कुशेश्वरस्थान (अजा) और 79 गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित उम्मीदवारों द्वारा नामांकन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया जोर-शोर से जारी है। इसी क्रम में सोमवार को गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत हो गई है।
सोमवार को गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्र से सरोज चौधरी ने अपनी उम्मीदवारी पेश करते हुए मिथिला मुक्ति मोर्चा पार्टी के बैनर तले अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर श्रीमती मयंक सिंह के समक्ष यह पर्चा भरा। इस प्रकार, इस क्षेत्र में नामांकन पत्र दाखिल करने का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
हालांकि, 78 कुशेश्वरस्थान (अजा) विधानसभा क्षेत्र से अब तक एक भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है, जबकि नामांकन शुल्क जमा करने का काम इस क्षेत्र में भी चल रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों से विभिन्न दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। चुनाव को लेकर अनुमंडल मुख्यालय में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।