दरभंगा बाल सुधार गृह में नाबालिग की संदिग्ध मौत के मामले में  जांच के आदेश,जिला प्रशासन भी गंभीर।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक स्थित बाल सुधार गृह में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई हें । मृतक की पहचान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पैरा गांव निवासी भरत दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है।

मां मंजू देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को छह महीने से बेल नहीं मिल रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। मुलाकात के दौरान उसने निराशा में सिर पटक लिया, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन इसे हत्या बता रहे हैं।

भरत को चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह में रखा गया था। इस घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और जुवेनाइल जस्टिस टीम भी जांच करेगी।
ग्रामीणों ने बाल सुधार गृह की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है।