जीविका दीदियों ने संभाली लोकतंत्र की कमान , बेनीपुर में निकली भव्य मतदाता जागरूकता रैली

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान जोर पकड़ रहा है। जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में “जीविका दीदियाँ” पूरे जिले में लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में विशेष भूमिका निभा रही हैं।

इसी क्रम में आज बेनीपुर प्रखंड में बीपीएम राजन कुमार के नेतृत्व में ग्राम संगठन स्तर पर भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करना था।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुँचने के लिए प्रेरित कर रही हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव में दरभंगा में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हो और जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करे।

कार्यक्रमों के दौरान जीविका दीदियों ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार व समुदाय की अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।
रैली, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर व पेंटिंग प्रतियोगिता, रंगोली, मेहंदी और समूह बैठक जैसे माध्यमों से मतदान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि दरभंगा की जीविका दीदियाँ लोकतंत्र की सशक्त वाहक हैं और “हर मतदाता, हर वोट” के अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
बीपीएम राजन कुमार ने कहा, “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। जीविका दीदियाँ बदलाव की प्रेरक शक्ति हैं जो गाँव-गाँव जागरूकता की लहर फैला रही हैं।”

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने “पहले मतदान, फिर जलपान” का नारा बुलंद करते हुए लोकतंत्र के पर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया।