नेहरू स्टेडियम में खिलाड़ियों ने ली मतदान की शपथ,

जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के साथ निकली मतदाता जागरूकता रैली, 6 नवंबर को मतदान का संकल्प

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

समाहरणालय परिसर स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता (आपदा) श्री सलीम अख्तर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मतदाता शपथ दिलाई और कहा कि “लोकतंत्र की सशक्तता के लिए हर नागरिक का मत आवश्यक है। सभी कार्यों से पहले मतदान को प्राथमिकता दें और 6 नवंबर 2025 को मतदान अवश्य करें।”

इस मौके पर उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि “बिहार विधानसभा चुनाव पाँच वर्षों में एक बार होते हैं। अगला अवसर 2030 में मिलेगा, इसलिए इस बार अपने मत का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।”

खिलाड़ियों के माध्यम से उनके अभिभावकों और परिवारजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहाँ प्रतिभागियों ने ‘मैं भी वोट दूँगा’ स्लोगन के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्रतिदिन जीविका, सेविका-सहायिका, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न संस्थानों द्वारा रैलियाँ और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य दरभंगा जिले को मतदान प्रतिशत में अव्वल बनाना है।