मतदाता जागरूकता में जीविका दीदियों की अगुवाई , दरभंगा में लोकतंत्र को सशक्त बनाने की नई पहल

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता की एक नई लहर उठी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार, डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान पूरे जोश और सहभागिता के साथ चलाया जा रहा है।

जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत करा रही हैं, ताकि आगामी चुनाव में अधिकतम मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

आज बेनीपुर प्रखंड के सामुदायिक संगठनों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने भाग लेकर जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा —

“मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। हर नागरिक का वोट यह तय करता है कि देश किस दिशा में आगे बढ़ेगा।”

डॉ. गार्गी ने कहा कि मतदान न करने का अर्थ अपनी आवाज़ खो देना है, इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग जिम्मेदारी और गर्व के साथ करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बीपीएम राजन कुमार ने जीविका दीदियों को मतदाता शपथ दिलाई। दीदियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।

अधिप्राप्ति प्रबंधक रश्मि कुमारी ने जीविका दीदियों द्वारा आयोजित मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि जीविका दीदियाँ केवल आर्थिक रूप से सशक्त नहीं हो रही हैं, बल्कि अपनी रचनात्मकता और सामुदायिक चेतना से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर रश्मि कुमारी, अनुपम कुमारी, रमेश कुमार सहित सैकड़ों जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश दिया।