बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025: दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025: दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025: दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सेक्टर पदाधिकारियों की प्रशिक्षण-समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार के सभी मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण करें। यदि किसी भी मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की कमी पाई जाती है तो संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुविधाएँ शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, निर्वाचन अवधि के दौरान सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके तहत सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर लगे बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री को हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसमें प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता के. परीक्षित, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।