सीतामढ़ी के सुरसंड थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार शाम 8.23 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं।
यह राशि शिवहर जिले के एक युवक के पास से मिली, जो कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने हर्री पुल के पास विशेष अभियान चलाया था। इसी दौरान पुरनहिया, शिवहर निवासी सुजीत कुमार सिंह की बाइक रोकी गई। तलाशी में एक बैग से ₹8 लाख 23 हजार रुपए बरामद हुए। युवक ने दावा किया कि वह सीतामढ़ी के एक व्यवसायी के लिए वसूली कर रहा था, लेकिन वह इस संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
CO ने जब्त कर ली रकम थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि सीओ सतीश कुमार और सशस्त्र बलों की टीम ने यह रकम जब्त कर ली। इसकी सूचना निर्वाचन प्रकोष्ठ और वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि यह राशि किसी चुनावी गतिविधि या किसी अन्य संदिग्ध लेनदेन से जुड़ी तो नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसके तहत नकदी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच इस बरामदगी को “चुनावी कैश की पहली बड़ी कार्रवाई” के रूप में देखा जा रहा है।
