पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस। भागलपुर में आगामी विधानसभा चुनाव और काली पूजा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को सिटी एसपी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
इसका मुख्य उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था का जायजा लेना और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना था। फ्लैग मार्च में पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, ततारपुर, कोतवाली और जोगसर थाना के थाना प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय पुलिस बल की टुकड़ी भी तैनात रही। पुलिस दस्ते ने हथियारों और वाहनों के साथ इलाके में गश्त कर यह संदेश दिया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फ्लैग मार्च की शुरुआत भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर से हुई। यह सोना पट्टी, खलीफाबाग मार्केट, ततारपुर और सराय सहित शहर के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को देने का आग्रह किया गया। पुलिस उपाधीक्षक नगर ने बताया कि चुनाव और पूजा, दोनों अवसरों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फ्लैग मार्च के साथ-साथ चौक-चौराहों, बाजारों और पूजा स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने मार्गों का निरीक्षण किया और पेट्रोलिंग व्यवस्था की समीक्षा भी की। पुलिस अधीक्षक नगर ने जिले के सभी शहरी और ग्रामीण थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। चुनावी माहौल में अफवाहों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
