दरभंगा प्रशासन ने बढ़ाई बाढ़ राहत की रफ्तार,

11 स्थलों पर सामुदायिक रसोई, 2078 पॉलीथिन शीट का वितरण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

भारी बारिश और नेपाल से आए अप्रत्याशित जलस्राव के कारण दरभंगा जिले के किरतपुर, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, गौड़ाबौराम और घनश्यामपुर के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

जानकारी के अनुसार किरतपुर के 4 पंचायतों के 20 वार्ड, कुशेश्वरस्थान पूर्वी के 5 पंचायतों के 41 वार्ड, गौड़ाबौराम के 2 पंचायतों के 3 वार्ड और घनश्यामपुर के 1 पंचायत के 7 वार्ड प्रभावित हुए हैं। कुल मिलाकर लगभग 58,865 की आबादी प्रभावित हुई है। अब तक 594 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें से 442 लोग राहत शिविरों और तटबंधों पर शरण लिए हुए हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव के लिए 94 नावों का संचालन किया जा रहा है (किरतपुर में 36, कुशेश्वरस्थान में 32, गौड़ाबौराम में 10 और घनश्यामपुर में 16 नावें)।

प्रशासन ने अब तक 11 सामुदायिक रसोई (किरतपुर में 1, कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 3 और घनश्यामपुर में 4) शुरू की हैं, जहां 2357 लोग भोजन कर चुके हैं। इसके अलावा 2078 पॉलीथिन शीट्स का वितरण किया गया है – किरतपुर में 448, कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 145, गौड़ाबौराम में 785 और घनश्यामपुर में 700।

साथ ही किरतपुर में पशुओं की सुरक्षा और इलाज के लिए एक पशु चिकित्सा दल भी तैनात किया गया है। जिला प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों को लेकर सक्रिय है।