बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक, पेड न्यूज पर सख्ती
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर दरभंगा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पेड न्यूज, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमिटी (MCMC) से संबंधित दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की गई। इस दौरान उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद और मीडिया कोषांग के वरीय प्रभारी मनोज कुमार ने पेड न्यूज की पहचान, उसका प्रभाव और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद किसी भी प्रकार का प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक विज्ञापन प्रसारण करने से पूर्व MCMC से प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता धारा 171H एवं लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127A के तहत कार्रवाई की जाएगी।

