गायघाट में बागमती का सैलाब, दर्जनों गांवों में पानी ही पानी, लोगों का पलायन, सड़क पर बाढ़

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार। गायघाट

बागमती नदी के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि से बाढ़ विकराल रूप ले रहा है। क्षेत्र की जमालपुर कोदयी, शिवदाहा, केवटसा व कांटा पिरौंछा उत्तरी पंचायत का अधिकतर भाग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बाढ़ का पानी लगातार नए इलाकों में फैल रहा है। सोमवार को हरपुर मे जमींदारी बांध टूटने से हरपुर, साठा, डीह कोदयी, डुमरामा, कल्याणी व कोदयी गांव चारों तरफ से पानी से घिर गया है। इन गांव के सड़कों पर दो से तीन फीट पानी बह रहा है। इससे इन गांवों का संपर्क अन्य जगहों से टूट चुका है। वहीं, मंगलवार को लदौर पंचायत का जगनियां बांध टूटने से बागमती का पानी लदौर व बलहा के तरफ तेजी से फैल रहा है।

वहीं, केवटसा के हरखौली, मिश्रौली व रामपट्टी गांव भी पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। असमय आये इस बाढ़ से लोगों को काफी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ में लगे धान की फसल डूब गई है। प्रभावित क्षेत्र के लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। पशुचारे की भी किल्लत है। मंगलवार को बेनीबाद मे बागमती नदी खतरा के निशान से ढाई मीटर ऊपर बह रही थी। सीओ शिवांगी पाठक ने बताया कि लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।