नगर परिषद सीवान में प्रशासनिक बदलाव के बाद सोमवार को नए कार्यपालक पदाधिकारी विपीन कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला और विभागीय कार्यों की समीक्षा शुरू की। विपीन कुमार वर्तमान में नगर पंचायत महाराजगंज के कार्यपालक पदाधिकारी हैं, जिन्हें नगर परिषद सीवान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग पटना द्वारा 4 अक्टूबर 2025 को जारी अधिसूचना के तहत नगर परिषद सीवान की कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया था।
इसके आलोक में जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने आदेश जारी कर नगर परिषद सीवान का प्रभार विपीन कुमार को सौंपा। जिलाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि विपीन कुमार अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ नगर परिषद सीवान के सभी प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों का जिम्मा भी संभालेंगे। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे सभी कार्यों को समय पर और पारदर्शिता के साथ संपादित करेंगे।इस आदेश की प्रति विपीन कुमार को अनुपालन हेतु भेजी गई है, जबकि निलंबित ईओ अनुभूति श्रीवास्तव को भी आदेश की जानकारी दी गई है। साथ ही विशेष कार्य पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि भेजी गई है।
अब नए कार्यपालक पदाधिकारी के सामने नगर परिषद के कामकाज को गति देने और पारदर्शिता बहाल करने की चुनौती होगी।नए कार्यपालक पदाधिकारी विपीन कुमार ने कहा कि नगर परिषद का प्रभार संभाल लिया है।
