जिलेबिया मोड़ पर हादसा, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
घायल का चल रहा इलाज।
कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलेबिया मोड़ के पास मंगलवार दोपहर सीमेंट से लदा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल चालक की पहचान रीवा जिले के खड्डा गांव निवासी मुनेश साहू के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के सतना से प्रिज्म सीमेंट लेकर भभुआ जा रहा था।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
चालक मुनेश साहू ने बताया कि मुसहरवा बाबा के बाद उतरने वाली घाटी, जिलेबिया मोड़ के पास ट्रक अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। उसने ब्रेक फेल होने को हादसे का कारण बताया।
पुलिस की तत्परता से चालक को मिला उपचार
भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि थाने को हनुमान घाटी के जिलेबिया मोड़ पर ट्रक पलटने और चालक के घायल होने की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बार-बार होते हैं हादसे
यह मार्ग भभुआ से अधौरा और उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज आने-जाने का एकमात्र रास्ता है, जो मिर्जापुर होते हुए मध्य प्रदेश को भी जोड़ता है। भगवानपुर के हनुमान घाट से कैमूर की पहाड़ी की चढ़ाई शुरू होती है, जहां अक्सर वाहन पलटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
