कटिहार से बरामद हुई 22 ग्राम सोने की चेन।
बरामद चेन।
औरंगाबाद जिले के दाउदनगर पुलिस ने एक सोने की चेन लूटकांड का खुलासा कर दिया है। बिहार एसटीएफ और कटिहार जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज निवासी विशाल कुमार के घर से लूटी गई लगभग 22 ग्राम सोने की चेन बरामद की है। यह मामला दाउदनगर थाना कांड संख्या 620/25 के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 सितंबर को हुई थी। दाउदनगर निवासी संदीप कुमार की माँ सुनैना देवी के गले से विशाल कुमार और बबित यादव नामक अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली थी और फरार हो गए थे।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाया गया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अनुसंधानकर्ता सुदीश कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचनाओं का उपयोग कर अपराधियों तक पहुँच बनाई। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस लूटकांड का सफल उद्भेदन हुआ और विशाल कुमार के घर से लूटी गई चेन बरामद की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।