बिहार विधानसभा चुनाव,अधिसूचना जारी, निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय,

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें, निर्देशों का पालन चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है– आलोक।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही, दरभंगा ज़िले के बिरौल अनुमंडल में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से, एस पी ग्रामीण आलोक ने तुरंत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी और अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की। एस पी ग्रामीण श्री आलोक ने बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा दिए गए गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का पालन चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एस पी ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान, उन्होंने विशेष रूप से अर्धसैनिक बलों को उनके पूर्व-निर्धारित स्थलों पर ठहराने और उनकी तैनाती से संबंधित जानकारी ली।


कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए, एस पी ने फरार चल रहे अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, कुर्की वारंट का निष्पादन करने और वाहन जांच को प्रभावी ढंग से लागू करने, सीमावर्ती क्षेत्र में अर्धसैनिक बल के साथ चौकसी बढ़ाने, शराब के तस्करों की गिरफ्तारी आदि को लेकर सभी थानाध्यक्षों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी को इन सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं, जिसमें बल की तैनाती और अपराध नियंत्रण शामिल है, पर लगातार मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में अंचल पुलिस निरीक्षक महफुज आलम, थानाध्यक्ष चन्द्रमणि,घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष अंकित कुमार, तिलकेश्वर के केशरी नंदन राम,बड़गांव के विनिता कुमारी,और जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार,
सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। यह सक्रियता दर्शाती है कि अधिसूचना जारी होते ही स्थानीय पुलिस-प्रशासन चुनाव आयोग के निर्देशों को जमीन पर उतारने एवं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है।