बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में चुनाव की तैयारी पूरी, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में चुनाव की तैयारी पूरी, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : दरभंगा में चुनाव की तैयारी पूरी, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि दरभंगा जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव पहले चरण में होंगे। इसके साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 3329 मतदान केंद्र और 1795 मतदान भवन बनाए गए हैं। वहीं 369 सेक्टर पदाधिकारी, 30 एफएसटी और 35 एसएसटी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
नामांकन प्रक्रिया 10 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन की जांच 18 अक्टूबर को होगी, वहीं नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है। मतदान 06 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर 2025 को होगी।
जिले में 28 लाख 85 हजार 352 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 15 लाख 20 हजार 183 पुरुष, 14 लाख 65 हजार 126 महिला और 43 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। साथ ही, जिले में 2173 सेवा मतदाता भी हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही उन्होंने मीडिया और आम जनता से अपील की कि वे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और उत्सवधर्मी मतदान में सहयोग करें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बल पहुंच चुके हैं। अब तक की कार्रवाई में 6391 लीटर देसी शराब, 20209 लीटर विदेशी शराब, 08 देसी कट्टा, 28 कारतूस और 03 मैगजीन बरामद की गई हैं। साथ ही 368 लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता अनिल कुमार, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।