गायघाट; शिवदाहा से राशन उठा रहे अररिया के 500 परिवार, राशन कालाबाजारी और फर्जी राशन कार्ड की आशंका , मामले की जांच शुरू

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार /

अररिया जिले के 500 परिवार गायघाट से राशन उठा रहे हैं। बीते 23 और 24 सितंबर को गायघाट की शिवदाहां पंचायत से इन परिवारों का राशन उठाव किया गया है। स्थानीय जविप्र डीलर को आवंटित ई-पॉश मशीन से सभी का बायोमेट्रिक सत्यापन हुआ है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में एक ही जिले के परिवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों को बड़ी साजिश की आशंका है। राशन कालाबाजारी का भी शक जताया जा रहा है। अधिकारियों को फर्जी वोटर और फर्जी ईपिक की तरह फर्जी राशन कार्ड के खेल की भी आशंका है। इसके मद्देनजर मामले की प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है।


एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार ने शिवदाहां के जविप्र डीलर से मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। डीलर को बताना होगा कि किस स्थिति में इतनी बड़ी संख्या में उनके पॉश मशीन में अररिया के परिवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन हुआ है। गायघाट बीडीओ को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि प्रखंड की शिवदाहां के जन वितरण प्रणाली डीलर कविता झा को आवंटित ई-पॉश मशीन से सितंबर 2025 के 23 व 24 तारीख को अन्य जिले के लगभग 500 राशन कार्ड का बायोमेट्रिक सत्यापन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। इसके अलोक में उक्त मशीन के माह सितंबर 2025 के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच की गई। इसमें पाया गया कि राशन कार्ड मुजफ्फरपुर के बजाय अररिया जिले के लोगों से संबंधित है। डीलर का पुत्र चंचल कुमार झा उक्त ई-पॉश मशीन का नॉमिनी है। वह ही दुकान का संचालन एवं राशन वितरण का कार्य करता है। इसलिए डीलर के साथ उसके नॉमिनी से भी मामले में स्पष्टीकरण मांगने को कहा गया है। एसडीओ पूर्वी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।