ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नज़रे आलम जेडीयू में शामिल,कहा—बिहार की ज़रूरत अब भी नीतीश कुमार

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

दरभंगा जिले के सामाजिक कार्यकर्ता और ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नज़रे आलम ने जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम लिया। उन्होंने पटना स्थित जेडीयू मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय गांधी के हाथों सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी के कई सम्मानित नेता मौजूद रहे,जिनमें अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। माहौल बेहद गर्मजोशी और उत्साह से भरा हुआ था।
पार्टी में शामिल होने के बाद नज़रे आलम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा,शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को धन्यवाद कहा। उन्होंने पार्टी में उनका सम्मानपूर्वक स्वागत करने पर आभार प्रकट किया। नज़रे आलम ने कहा कि वे जेडीयू की विचारधारा से प्रभावित हैं और अब पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और वे अपने अनुभव का उपयोग समाज के हर वर्ग तक मदद पहुँचाने में करेंगे।। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि बिहार को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने का काम नीतीश कुमार ने ही किया है। नज़रे आलम का मानना है कि आज भी बिहार की सबसे बड़ी ज़रूरत नीतीश कुमार ही हैं। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव 2025 में एक बार फिर जनता नीतीश कुमार को आशीर्वाद देगी और वे दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। नज़रे आलम के जेडीयू में शामिल होने को पार्टी के लिए एक मजबूत सामाजिक और राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है,खासकर मुस्लिम समाज में उनकी पकड़ और प्रभाव को देखते हुए पार्टी नेताओं ने भी उम्मीद जताई है कि नज़रे आलम के आने से जेडीयू को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज के सभी तबकों तक पार्टी की नीतियाँ और योजनाएं बेहतर ढंग से पहुँच सकेंगी।