जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही तेज बारिश शहर के लोगों के लिए आफत बन गई है। इस वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। शहर की मुख्य सड़कों पर पानी लगा हुआ है, लेकिन पानी निकासी का इंतजाम नगर परिषद द्वारा नहीं किया गया। शहर की सभी नालियां या तो खराब पड़ी है या जाम है। जो नई नालियां बनाई गई है उसमें में बड़े स्तर से अनियमित बरती गई है।

 

शहर का पानी निकल कर दाहा नदी में नहीं गिर पा रहा है। इसका नतीजा हुआ कि शनिवार को शहर के राजेंद्र पथ, बबूनिया रोड, छपरा रोड, अस्पताल रोड स्टेशन रोड समेत सभी मुख्य सड़कों पर दो से तीन फीट पानी लग गया। बबुनिया मोड़ पर जहां ट्रैफिक गोलंबर है वहां चारों तरफ पानी फैला हुआ है। इस वजह से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा सिसवन स्टैंड, पुरानी किला मोड पर भी जल जमाव काफी ज्यादा है। राजेंद्र पथ टेलहट्टा समेत अन्य बाजारों में दुकानों में भी पानी घुस गया। मखदूम सराय महावीरी पथ समेत कई मोहल्ले में लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। इस वजह से लोग काफी परेशान हुए।

 

शहर के लक्ष्मीपुर शिव मंदिर के पास तो बाढ़ जैसा स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि लक्ष्मीपुर में पिछले कई माह से जल जमाव की समस्या है, लेकिन इसे दूर करने का प्रयास नगर परिषद, जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक स्तर पर नहीं की गई। नतीजतन इस मोहल्ले के लोग काफी परेशान हो रहे हैं। शहर के गांधी मैदान व राजेंद्र स्टेडियम में भी जल जमाव हो गया है। गांधी मैदान में डिज्नीलैंड मेला लगा हुआ है। इस वजह से मेला भी प्रभावित हो गया है।