दरभंगा में भारी वर्षा का असर, बेता थाना परिसर में घुसा पानी,पुलिसकर्मियों को भारी परेशानियों को करना पड़ा सामना।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा जिले में हुई लगातार भारी वर्षा ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश का असर पुलिस प्रशासन पर भी पड़ा। जिले के बेता थाना परिसर में बारिश का पानी घुस जाने से पुलिसकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

थाना परिसर में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे थाना में रखे कई कागजात और सामान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। थाना परिसर में जलजमाव होने के कारण वहां तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी दिनचर्या और कार्यप्रणाली में काफी दिक्कतें आईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी वर्षा के कारण नालियों और जल निकासी की व्यवस्था ठप हो गई है। इसके चलते थाना सहित आसपास के इलाके में पानी भर गया। बारिश का पानी थाना भवन के कई कमरों तक पहुंच गया है।

इस स्थिति से न सिर्फ पुलिसकर्मी बल्कि थाना आने वाले फरियादी भी प्रभावित हो रहे हैं। बारिश रुकने के बाद जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।

लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि पुलिस व्यवस्था और आम नागरिकों की परेशानियों को दूर किया जा सके।