दरभंगा में जिला प्रशासन एवं पुलिस ने लिया सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा, किया फ्लैग मार्च

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आज गांधी जयंती के अवसर पर जिला पदाधिकारी  एवं वरीय पुलिस अधीक्षक  ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय सहित विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस मौके पर दोनों शीर्ष अधिकारियों के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य जिले में दुर्गा पूजा  विजयादशमी पर्व को शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था के साथ सम्पन्न कराना हें । अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पूजा पंडालों का भ्रमण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों पर मौजूद समिति के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सुरक्षा बलों की सतत निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया।

इसके अतिरिक्त, प्रशासनिक टीम ने चिन्हित रावण दहन स्थलों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन समिति को भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन हर स्तर पर चौकस है और पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड में है और असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

फ्लैग मार्च एवं निरीक्षण के दौरान प्रशासन की तत्परता और तैयारी से आमजन में विश्वास का माहौल देखा गया।