स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड – पीड़ित परिजनों ने डीएम-एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई, ज्ञापन सौंपा,कई आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही हे पुलिस , एसएसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /संजय कुमार राय 

बाकरगंज पुराना मच्छहट्टा निवासी स्वर्ण व्यवसायी राहुल साह उर्फ जीतू की हत्या मामले में मृतक के परिजनों ने शनिवार को जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेता अंकुर गुप्ता और स्वर्ण व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों के साथ परिजनों ने ज्ञापन सौंपकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, 20 लाख रुपये मुआवजा और सुरक्षा के मद्देनज़र आर्म्स लाइसेंस की मांग की।

मुलाकात के बाद भाजपा नेता अंकुर गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद से ही नगर विधायक सह मंत्री संजय सरावगी लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं। उनकी पहल पर जिलाधिकारी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार से मिलकर सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

श्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि राजद और जनसुराज पार्टी के नेता केवल राजनीतिक बयानबाजी कर चले गए, जबकि मंत्री सरावगी राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। उनके निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है, पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन आने पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और सरकार की ओर से मुआवजा राशि  विभाग के माध्यम से परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एसआईटी सक्रिय रूप से जांच कर रही है और बहुत जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर मृतक के पिता रमेश कुमार उर्फ बबलू साह, छोटे भाई रोहित, मामा अशोक कुमार शाह वकील, सुनील गराई, ललन कुमार, दीपक पंजियार, अजय अन्नपूर्णा, विक्की ठाकुर, राजेश शाह, रितेश शाह, रोहित शाह सहित कई लोग मौजूद थे

वहीं दूसरी ओर ज्वेलरी कारोबारी राहुल उर्फ जित्तू साह की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी खुद घटनास्थल की स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस हत्या में कुल पाँच लोग शामिल थे, जिनकी झलक सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दी है।

जांच की अब तक की प्रमुख बातें

• घटनास्थल और आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान की जा रही है।
• तकनीकी और सामाजिक सहयोग से पुलिस अपराधियों को ट्रैक करने में जुटी है।
• डीएमसीएच में मृतक की बाइक उसके स्टाफ ने ही पहुँचाई थी।
• घटनास्थल से तीन खोखा बरामद, मृतक को लगी थीं तीन गोलियां – छाती, पैर और पीठ पर।
• हत्या की वजह स्पष्ट नहीं, प्राथमिक जांच में जमीन विवाद, प्रेम प्रसंग या लूट की आशंका।

पुलिस का कहना है कि अपराधियों तक पहुँचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से मिली सूचनाओं का भी सहारा लिया जा रहा है।

एसएसपी जलारेड्डी ने आम जनता से अपील की है कि वे हत्या से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस से साझा करें, ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जा सके।

हत्या की इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और पुलिस ने मृतक परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है और कहा है कि पूरी जांच पारदर्शिता के साथ होगी।